नैनीताल हाईवे किनारे महिला का शव मिला, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका, महिला ने गुदाये हैं लड़कों के नाम के टैटू
Crime News - नैनीताल हाईवे के किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। प्रथम दृष्टया मामला दुष्कर्म के बाद हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर स्थिति स्पष्ट करने में जुटी है। सोमवार सुबह बरेली जिले के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में पुलिस और यूपी-112 को सूचना मिली कि रोड नंबर 8 के पास एक चाय के खोखे के बाहर महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि खोखा मालिक ने ही सबसे पहले शव को देखा और पुलिस को जानकारी दी।
मृतका की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है। वह नीले-काले रंग की फूलदार कुर्ती और पीले रंग की सलवार पहने हुई थी। महिला के शरीर पर कई टैटू बने हुए हैं, जिनमें दाहिने हाथ पर ‘ओम’, ‘रामधनी’, दिल का निशान और अंग्रेजी में ‘Poonam’ लिखा है। वहीं बाएं हाथ पर ‘Rohit’, ‘Sunil’, ‘Poonam’ और ‘Rajendra’ नाम गुदे हुए हैं। गले में एक लॉकेट भी मिला है, जिस पर उर्दू में ‘अल्लाह’ लिखा है।
पुलिस ने आसपास के लोगों और गांववालों से शव की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली है। मौके पर सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे होने के कारण जांच में दिक्कत आ रही है। शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल द्वारा कराया गया। महिला डॉक्टर ने दुष्कर्म की आशंका के चलते स्लाइड तैयार की है। हालांकि पोस्टमार्टम में मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका, जिसके चलते विसरा सुरक्षित कर लिया गया है। शरीर पर हल्की खरोंच के निशान भी पाए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिस स्थिति में शव मिला है, उससे अंदेशा है कि महिला की हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर फेंका गया है। सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव के अनुसार, मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जांच और सुराग जुटाने में लगी हुई है।
