उत्तराखंड - मारपीट, लूट और धमकी के आरोप में यूट्यूबर अनुराग डोभाल समेत चार गिरफ्तार, जानिए क्या है मामला
देहरादून - नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में प्रसिद्ध यूट्यूबर अनुराग डोभाल उर्फ़ UK 07 बाबू भैया एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। मारपीट, रास्ता रोकने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में नेहरू कॉलोनी पुलिस ने अनुराग डोभाल समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने राज सिंह चौहान की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी।
पुलिस के अनुसार, राज सिंह चौहान ने तहरीर में बताया कि पांच अक्टूबर की शाम करीब छह बजे वह हरिद्वार बाईपास स्थित एक कैफे के पास अनुराग डोभाल और उनके साथियों से मिलने पहुंचे थे। आरोप है कि रात करीब आठ बजे बातचीत के दौरान अनुराग डोभाल और उनके साथियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
तहरीर के मुताबिक, अनुराग डोभाल पर गला दबाकर जान से मारने का प्रयास करने का आरोप लगाया गया है। वहीं, अन्य आरोपियों पर लोहे के हथियार और डंडों से हमला करने का आरोप है। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उन्हें वाहन से कुचलने का प्रयास किया। मारपीट में चोट लगने की बात भी तहरीर में कही गई है।
मोबाइल और सोने की चेन छीनने का आरोप
राज सिंह चौहान ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उनका मोबाइल फोन और सोने की चेन भी छीन ली गई। किसी तरह मौके से निकलने के बाद आरोपियों की ओर से फोन कॉल और इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से उन्हें तथा उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
इन लोगों के नाम तहरीर में -
तहरीर में अनुराग डोभाल के अलावा अभय चौधरी, तपन पंडित, अभिषेक टाइगर, अभिनव श्रीवास्तव और गुरु भाई समेत अन्य लोगों के नाम बताए गए हैं। नेहरू कॉलोनी पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अनुराग डोभाल और उनके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में आरोपों की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।


