हल्द्वानी - कथित शुद्धिकरण के विरोध में यूथ कांग्रेस ने घेरा एसएसपी कार्यालय, कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन

 | 
हल्द्वानी - कथित शुद्धिकरण के विरोध में यूथ कांग्रेस ने घेरा एसएसपी कार्यालय, कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन

हल्द्वानी - रामलीला मैदान में आठ अगस्त को आयोजित कांग्रेस की विजय शंखनाद रैली के बाद हुए कथित शुद्धिकरण को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को कार्रवाई की मांग को लेकर उत्तराखंड यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने एसएसपी कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।

यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह भोजक के नेतृत्व में कार्यकर्ता बहुउद्देश्यीय भवन पहुंचे। यहां से नारेबाजी करते हुए एसएसपी कार्यालय का घेराव किया गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की रैली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए थे। रैली समाप्त होने के बाद कुछ लोगों ने रामलीला मैदान में हवन-पूजन कर कथित तौर पर शुद्धिकरण किया और वहां मौजूद लोगों को अराजक तत्व बताया।

यूथ कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि इस तरह का कृत्य एक विशेष वर्ग को अपमानित करने के साथ ही समाज में जातीय भेदभाव और नफरत को बढ़ावा देने वाला है। संगठन ने रैली के बाद कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से तैयार कथित वीडियो के जरिए धार्मिक आधार पर लोगों को भड़काने का प्रयास किए जाने का भी आरोप लगाया।

14 अगस्त को दी थी तहरीर - 
प्रदर्शनकारियों के अनुसार मामले को लेकर 14 अगस्त को हल्द्वानी कोतवाली में तहरीर दी गई थी। उनका आरोप है कि तहरीर दिए जाने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी के विरोध में रविवार को कार्यकर्ताओं ने अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर एसएसपी कार्यालय में ज्ञापन सौंपा।

एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि ज्ञापन प्राप्त हुआ है। मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। पुलिस की ओर से मिले आश्वासन के बाद यूथ कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शांतिपूर्वक लौट गए।

WhatsApp Group Join Now