हल्द्वानी- रामलीला मैदान के ‘शुद्धिकरण’ पर यशपाल आर्य ने भाजपा को घेरा, कार्रवाई की करी मांग

 | 
हल्द्वानी- रामलीला मैदान के ‘शुद्धिकरण’ पर यशपाल आर्य ने भाजपा को घेरा, कार्रवाई की करी मांग

हल्द्वानी - कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा सभा स्थल के कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट द्वारा कथित तौर पर इस कृत्य को सही ठहराए जाने को भाजपा की मानसिकता और राजनीतिक सोच का परिचायक बताया।


यशपाल आर्य ने कहा कि लोकतंत्र में किसी राजनीतिक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष, जो दलित समुदाय से आते हैं, की जनसभा के बाद सभा स्थल को ‘अशुद्ध’ मानकर उसका शुद्धिकरण करना गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ किसी नेता या राजनीतिक दल का अपमान नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक मर्यादाओं और राजनीतिक सहिष्णुता पर भी सवाल है।


नेता प्रतिपक्ष ने शासन और प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि घटना के बाद अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। उन्होंने पूछा कि क्या प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया है और यदि लिया है तो कार्रवाई क्यों नहीं की गई।


आर्य ने सरकार से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के कथित बयान पर भी अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कानून का राज तभी सार्थक है, जब सत्ता और विपक्ष दोनों के लिए कानून समान रूप से लागू हो।


उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। साथ ही भाजपा से स्पष्ट करने को कहा कि वह संविधान और लोकतंत्र की राजनीति करना चाहती है या नफरत, भेदभाव और सामाजिक विभाजन की।

 

WhatsApp Group Join Now