नैनीताल घूमने आ रही युवती से दुष्कर्म की कोशिश, रातभर जंगल में छिपकर बचाई जान

 | 
नैनीताल घूमने आ रही युवती से दुष्कर्म की कोशिश, रातभर जंगल में छिपकर बचाई जान

नैनीताल - दिल्ली से नैनीताल घूमने आ रही एक युवती के साथ टैक्सी चालक द्वारा छेड़खानी और दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। युवती ने आरोप लगाया कि चालक ने उसे सुनसान लिंक रोड पर ले जाकर जबरन छेड़खानी की और विरोध करने पर मारपीट भी की। किसी तरह जान बचाकर युवती जंगल की ओर भागी और पूरी रात डर के साये में वहीं छिपकर बिताई।


जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी युवती बीती रात करीब 12 बजे हल्द्वानी से टैक्सी के जरिए नैनीताल जा रही थी। वह टैक्सी में अकेली सवार थी। आरोप है कि जिला मुख्यालय से लगभग 12 किलोमीटर पहले हल्द्वानी रोड पर टैक्सी चालक ने कार को हाईवे से हटाकर आडूखान की ओर जाने वाली लिंक रोड पर मोड़ दिया और सुनसान स्थान पर वाहन रोक दिया।

 

युवती का आरोप है कि इसके बाद चालक ने नशे की हालत में उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी और दुष्कर्म की कोशिश की। विरोध करने पर चालक ने उसके साथ मारपीट भी की। घबराई युवती किसी तरह कार से निकलकर जंगल की ओर भाग गई। युवती के शोर मचाने पर चालक मौके से फरार हो गया। अंधेरा होने के कारण युवती पूरी रात जंगल में ही छिपकर रही।

 

सुबह आडूखान क्षेत्र की एक महिला जब नैनीताल की ओर जा रही थी तो उसने युवती को देखा। महिला की मदद से पीड़िता पुलिस थाने पहुंची और घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर एसओ मनोज नयाल, एसआई बबिता और एसआई सतीश उपाध्याय ने मौके का निरीक्षण किया। युवती की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात टैक्सी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया और पीड़िता का बीडी पांडे अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया।

एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए हल्द्वानी के फतेहपुर निवासी टैक्सी चालक दीपक सिंह बोरा को नैनीताल के पाइनस क्षेत्र से हिरासत में ले लिया है। आरोपी के पास से महिला पर्यटक का लूटा हुआ मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

WhatsApp Group Join Now