हल्द्वानी - हल्दूचौड़ में दर्दनाक हादसा, तीसरी मंजिल से गिरकर महिला की मौत, परिवार में कोहराम
हल्द्वानी - हल्दूचौड़ के हनुमान मंदिर रोड स्थित तारा कॉम्प्लेक्स में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। तीसरी मंजिल से गिरने के कारण एक 30 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, अल्मोड़ा जनपद के गौना निवासी जीवन कुमार, जो इंडियन ऑयल की गाड़ी में क्लीनर के पद पर कार्यरत हैं, पिछले तीन वर्षों से अपनी पत्नी मुन्नी देवी (30) और दो छोटे बच्चों के साथ तारा कॉम्प्लेक्स की तीसरी मंजिल पर रह रहे थे।
सोमवार शाम उनका छोटा बेटा नीचे की मंजिल पर सीढ़ियों के पास खेल रहा था। इसी दौरान मुन्नी देवी बच्चे को आवाज देने के लिए तीसरी मंजिल की रेलिंग के सहारे झुकीं, तभी अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे सड़क पर गिर गईं। हादसे में गंभीर रूप से घायल मुन्नी देवी को स्थानीय व्यापार मंडल उपाध्यक्ष भास्कर सुयाल और आसपास के लोगों की मदद से तत्काल निजी वाहन द्वारा सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के समय महिला का पति ड्यूटी पर था। पत्नी की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए पैतृक गांव अल्मोड़ा के गौना ले जाया गया। स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
