लालकुआं - पत्नी और बच्चे छोड़कर गए तो डिप्रेशन में चला गया युवक, आत्महत्या कर जीवन लीला कर दी समाप्त 

 | 
लालकुआं - पत्नी और बच्चे छोड़कर गए तो डिप्रेशन में चला गया युवक, आत्महत्या कर जीवन लीला कर दी समाप्त 

लालकुआं - निकटवर्ती क्षेत्र बिंदुखत्ता स्थित 17 एकड़ शास्त्री नगर में शनिवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। यहां 51 वर्षीय किसान पूरन सिंह बिष्ट ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। 

जानकारी के अनुसार, पूरन सिंह बिष्ट अपने भाई के साथ रह रहे थे। शनिवार सुबह जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकले, तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां पूरन सिंह फंदे से लटके हुए मिले। परिजनों ने उन्हें तुरंत नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों के अनुसार, मृतक लंबे समय से पारिवारिक कारणों के चलते मानसिक तनाव में था। उसकी पत्नी वर्ष 2014 में मायके चली गई थी और बच्चे भी उसी के साथ रह रहे थे, जिससे वह अवसाद में रहने लगा था।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला अवसाद के चलते आत्महत्या का लग रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

WhatsApp Group Join Now