उत्तराखंड - युवक ने शादी से इनकार किया तो युवती ने उठाया खौफनाक कदम, युवक ने बताई यह सच्चाई 

 | 
उत्तराखंड - युवक ने शादी से इनकार किया तो युवती ने उठाया खौफनाक कदम, युवक ने बताई यह सच्चाई 

उत्तराखंड - हरिद्वार जिले के कोतवाली क्षेत्र लक्सर के एक गांव में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवती द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया है। गंभीर हालत में परिजनों ने युवती को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां समय रहते इलाज मिलने से उसकी जान बच गई। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मामला कोतवाली पहुंच गया है।

जानकारी के अनुसार लक्सर क्षेत्र की एक युवती का देहरादून निवासी युवक से करीब डेढ़ साल से प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों के बीच फोन पर लगातार बातचीत होती थी। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले दोनों के परिजनों को भी इस रिश्ते की जानकारी हो गई थी और वे शादी के लिए सहमत भी हो गए थे। अगले माह रिश्ता तय करने की बात चल रही थी।

इसी बीच किसी बात को लेकर दोनों के बीच फोन पर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवक ने शादी से साफ इनकार कर दिया। इससे आहत होकर 4 मार्च को युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे आनन-फानन में लक्सर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार कर जान बचा ली।

घटना के बाद युवती के परिजनों ने युवक और उसके परिवार से संपर्क किया, लेकिन उन्होंने शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद युवती के परिजन आक्रोशित होकर लक्सर कोतवाली पहुंचे और युवक व उसके परिजनों के खिलाफ लिखित शिकायत दी।

पुलिस पूछताछ में युवक ने बताया कि उसकी मुलाकात युवती से एक शादी समारोह में हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। युवक का कहना है कि वह एक निजी कंपनी में नौकरी करता है और युवती बार-बार फोन कर मिलने का दबाव बनाती थी, जिससे वह परेशान था। जहर खाने की घटना की जानकारी मिलने के बाद उसने डरकर अपने माता-पिता को पूरी बात बताई और शादी से इनकार कर दिया।

वहीं युवती के परिजनों का आरोप है कि युवक के परिवार वाले पहले शादी के लिए राजी थे, लेकिन लगातार तारीख टालते रहे। उनका कहना है कि होली से पहले भी रिश्ता तय करने की बात हुई थी, लेकिन टालमटोल से परेशान होकर युवती ने यह कदम उठा लिया।

लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चौहान ने बताया कि दोनों पक्षों को कोतवाली बुलाकर पूछताछ की गई है। मामले को समझने का प्रयास किया जा रहा है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।

WhatsApp Group Join Now