हल्द्वानी - काठगोदाम से पहाड़ जाने वाले वाहनों के पहिये आज हो जायेंगे जाम, जानिए किस समय तक कर सकते हैं सफर
हल्द्वानी - लंबे वीकेंड के बाद नैनीताल समेत पहाड़ी क्षेत्रों में पर्यटकों की बढ़ती भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। आज रविवार को शाम चार बजे से रात 10 बजे तक हल्द्वानी-काठगोदाम से पहाड़ की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी। इस दौरान यातायात को वन-वे व्यवस्था के तहत संचालित किया जाएगा।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पहाड़ की ओर जाने वाले यात्रियों से निजी वाहनों के बजाय शटल सेवा का इस्तेमाल करने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक भीमताल विकास भवन, भवाली चौराहा और सैनिटोरियम से शटल सेवाओं का संचालन किया जा रहा है।
यातायात पुलिस के अनुसार शनिवार शाम पांच बजे के बाद भी वन-वे व्यवस्था लागू की गई थी। भीमताल तिराहे की ओर से आने वाले वाहनों को नीचे की ओर डायवर्ट किया गया। वहीं, रविवार शाम करीब 5:30 बजे के बाद नैनीताल की ओर जाने वाले यातायात को लगभग तीन घंटे तक नियंत्रित किया जाएगा। इस दौरान पहाड़ से हल्द्वानी की ओर उतरने वाले वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि यातायात का दबाव कम किया जा सके।
पुलिस प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से निजी वाहनों का इस्तेमाल न करें और पहाड़ी क्षेत्रों की ओर जाने के लिए निर्धारित शटल सेवा का उपयोग करें। अधिकारियों के अनुसार यातायात व्यवस्था सामान्य बनाए रखने के लिए जरूरत के मुताबिक डायवर्जन और वन-वे व्यवस्था में बदलाव भी किया जा सकता है।


