नैनीताल - रामनगर में ऐसा क्या हुआ सारे कांग्रेसी नेताओं ने कॉर्बेट नगरी को किया कूच, पुलिस के साथ हुई खूब नोकझोंक 
 

 | 

नैनीताल - रामनगर में सोमवार सुबह से ही जोरदार हंगामा देखने को मिला है। यह हंगामा और विवाद कांग्रेस कार्यालय पर कब्जे को लेकर बताया जा रहा है। कांग्रेस के पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत और कार्यालय स्वामी नीरज अग्रवाल के बीच पुराने विवाद ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया। स्थिति इतनी बिगड़ी कि पुलिस और सीमा सुरक्षा बल SSB की भारी तैनाती करनी पड़ी। 

 

जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह कार्यालय स्वामी नीरज अग्रवाल ने कांग्रेस कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। जब यह बात पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत और उनके समर्थकों को पता चली, तो वे मौके पर पहुंचे और विरोध दर्ज कराया। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद ने उग्र रूप ले लिया।

 

विवाद के दौरान कांग्रेस कार्यालय के बाहर लगी फ्लेक्सी भी दूसरे पक्ष द्वारा हटा दी गई। उल्लेखनीय है कि यह कार्यालय अब तक रणजीत सिंह रावत की देखरेख में संचालित हो रहा था। इस दौरान पुलिस ने कार्यालय का ताला तोड़ने की कोशिश की, जिसके बाद रणजीत सिंह रावत और पुलिस के बीच तीखी बहस और धक्कामुक्की हुई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हालात काबू में लाने के लिए पुलिस को कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लेना पड़ा।


इधर सूचना मिलने पर कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने रामनगर कूंच कर दिया है, इनमें नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, जसपुर विधायक आदेश चौहान सहित सैकड़ों कांग्रेसी रामनगर पहुंच गए, फिलहाल कांग्रेस कार्यालय के भीतर बताया जा रहा है नीरज अग्रवाल और उनके समर्थक मौजूद हैं, जबकि बाहर रणजीत सिंह रावत और उनके समर्थक डटे हुए हैं। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। यह विवाद आगे क्या मोड़ लेता है, इस पर पूरे जिले की निगाहें टिकी हैं। 





 

WhatsApp Group Join Now
News Hub