Weather Update : उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम, इन 9 जिलों में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी
Weather Update - उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। मौसम विभाग ने प्रदेश के नौ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है। वहीं, ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने की भी संभावना है। प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में 3,800 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी होने का अनुमान है। हालांकि, राज्य के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।
देहरादून में आंशिक बादल छाने के आसार -
राजधानी देहरादून में आज आसमान साफ रहने से लेकर आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। शाम के समय कुछ इलाकों में गरज वाले बादल विकसित होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। राजधानी के लिए फिलहाल कोई मौसम अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन प्रदेश के अन्य हिस्सों में संभावित बदलाव को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की गई है।
मैदानी इलाकों में तापमान सामान्य से अधिक -
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य के आसपास बना रहा। मौसम में बदलाव के साथ पहाड़ी इलाकों में ठंड बढ़ने की संभावना है। बारिश और बर्फबारी की आशंका के बीच ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जाने वाले लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है।


