Weather Update - उत्तराखंड में 27 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट, इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
देहरादून - मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने उत्तराखंड में 27 जुलाई तक मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार 21 जुलाई को प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पूरे राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को देहरादून, उत्तरकाशी और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में तेज से बहुत तेज बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं टिहरी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
दिनांक 21.07.2026 को जारी उत्तराखंड राज्य हेतु मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी pic.twitter.com/bYip5MRanj
— Meteorological Centre Dehradun (@mcdehradun) July 21, 2026
भूस्खलन और सड़क बाधित होने की आशंका -
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बारिश के दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने और सड़क व राजमार्ग बाधित होने की स्थिति बन सकती है। तेज बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर आ सकते हैं, जिससे आसपास के क्षेत्रों में खतरा बढ़ सकता है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी संभावना जताई गई है।
22 जुलाई को इन जिलों में विशेष सतर्कता -
बुधवार 22 जुलाई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ तेज बारिश के दौर आने की संभावना है।
23 से 25 जुलाई तक जारी रहेगा बारिश का दौर -
गुरुवार 23 जुलाई को देहरादून, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश की संभावना है। शुक्रवार 24 जुलाई को देहरादून और नैनीताल जिलों में भारी बारिश का अनुमान है, जबकि अन्य जिलों में तेज बारिश के दौर चल सकते हैं। शनिवार 25 जुलाई को देहरादून, बागेश्वर, टिहरी गढ़वाल और नैनीताल जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कई जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं।
26 और 27 जुलाई को पूरे प्रदेश में बारिश -
मौसम विभाग के अनुसार रविवार 26 जुलाई और सोमवार 27 जुलाई को पूरे उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। विभाग ने लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
