Weather Update - उत्तराखंड में अगले चार दिन बारिश और तेज हवाओं का डबल अटैक, मौसम विभाग का येलो अलर्ट
देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की दस्तक के साथ मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक की संभावना जताई है। 28 और 29 जून को कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इसे देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। 30 जून को कुमाऊं मंडल के पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। वहीं हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में तेज हवाएं चलने की संभावना है।
एक जुलाई को नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और देहरादून समेत कई जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश में मौसम सुहावना रहेगा और तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों से भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन संभावित इलाकों और नदी-नालों के किनारे जाने से परहेज करने की सलाह दी गई है। लगातार बारिश के कारण जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। संभावित खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें भी अलर्ट मोड पर हैं।
