नैनीताल - सौंदर्यीकरण के नाम पर हो रहे निर्माण कार्यों का व्यापार मंडल ने किया विरोध, पार्किंग शुल्क वृद्धि पर भी जताया आक्रोश
नैनीताल - सरोवर नगरी नैनीताल में सौंदर्यीकरण के नाम पर हो रहे सरकारी निर्माण कार्यों को लेकर माँ नयना देवी नैनीताल व्यापार मंडल ने कड़ा विरोध जताया है। एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में व्यापार मंडल के संस्थापक अध्यक्ष पुनीत टंडन ने कहा कि जिला प्रशासन की पर्यटन संवर्धन योजनाओं से व्यापारी वर्ग निराश है। उनका आरोप है कि नैनी झील के किनारे हट्स और अन्य पक्के निर्माण कराए जा रहे हैं, जिससे झील में सिल्ट जमाव बढ़ने की आशंका है।
उन्होंने कहा कि पिछले सवा वर्ष में नगर पालिका द्वारा पार्किंग शुल्क में लगभग 400 प्रतिशत की वृद्धि तथा बाहरी मोटरसाइकिलों के शहर में प्रवेश पर ₹100 शुल्क लगाने जैसे निर्णय व्यापारियों और पर्यटकों के हित में नहीं हैं। टंडन ने कहा कि बाइक प्रवेश शुल्क पर शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा द्वारा रोक लगाने के निर्देश दिए जा चुके हैं, लेकिन पार्किंग शुल्क में भारी बढ़ोतरी पर अब तक सरकार और विपक्ष की चुप्पी सवाल खड़े करती है। व्यापार मंडल ने कहा सभी राजनेताओं द्वारा अब तक चुप्पी संदेह के घेरे में है।
प्रेस वार्ता में पुनीत टंडन ने कहा कि नैनीताल की पहचान और प्राकृतिक स्वरूप को बचाने के लिए सभी व्यापारियों और शहरवासियों को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि संगठन की कानूनी टीम सभी मुद्दों पर सक्रिय है और आवश्यकता पड़ने पर न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि छह माह बाद माँ नयना देवी नैनीताल व्यापार मंडल के चुनाव प्रस्तावित हैं। सदस्यता एवं नामांकन प्रपत्र शिवा रेस्टोरेंट, रामलाल एंड संस, मॉल रोड स्थित फेमस कोट हाउस तथा तल्लीताल में उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने अधिक से अधिक व्यापारियों से संगठन से जुड़कर नैनीताल के विकास और हितों की रक्षा में भागीदारी निभाने की अपील की। इस अवसर पर मल्लीताल प्रांतीय व्यापार मंडल के कोषाध्यक्ष सिद्धार्थ क्षेत्री ने भी माँ नयना देवी नैनीताल व्यापार मंडल की सदस्यता ग्रहण की।
