हल्द्वानी - एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान जारी, मारपीट के आरोप के बाद बढ़ी हलचल, एक हिरासत में

 | 
हल्द्वानी - एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान जारी, मारपीट के आरोप के बाद बढ़ी हलचल, एक हिरासत में

हल्द्वानी - एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए मंगलवार को मतदान जारी है। सुबह से ही कॉलेज परिसर में छात्र-छात्राओं की आवाजाही बनी हुई है। सुबह 11.30 बजे तक कुल 10 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अध्यक्ष पद पर इस बार त्रिकोणीय मुकाबला है, जिससे चुनाव को लेकर छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मतदान के बीच मारपीट के आरोप को लेकर भी कॉलेज परिसर के बाहर हलचल बढ़ गई। एबीवीपी प्रत्याशी की ओर से बाहर से आए एक छात्र के साथ मारपीट का आरोप लगाया गया। घटना की सूचना के बाद पुलिस और प्रशासन की सक्रियता बढ़ गई तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरती जा रही है।

देवेंद्र बिष्ट हिरासत में - 
छात्रसंघ चुनाव को प्रभावित करने की आशंका के मद्देनजर हल्द्वानी पुलिस ने आईटीआई गैंग के सरगना देवेंद्र बिष्ट को हिरासत में लिया है। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल के मुताबिक, देवेंद्र बिष्ट के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं और उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार, चुनाव के दौरान किसी तरह की अराजकता या माहौल बिगाड़ने की आशंका को देखते हुए एहतियातन यह कार्रवाई की गई है। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने स्पष्ट किया है कि चुनाव के दौरान अराजकता फैलाने या ऐसा प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की निगरानी के बीच कॉलेज में मतदान प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों का कहना है कि शांतिपूर्ण मतदान कराना पुलिस-प्रशासन की प्राथमिकता है।


हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान जारी है। चुनाव मैदान में अध्यक्ष के लिए एबीवीपी से धीरज बिष्ट, एनएसयूआई से मेहुल शाह और निर्दलीय प्रत्याशी आर्यन बेलवाल हैं। सभी प्रत्याशी अपने-अपने समर्थन में छात्रों से वोट करने की अपील कर रहे हैं। चुनाव को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।  तिकोनिया से सौरभ होटल तक के क्षेत्र को जीरो जोन बनाया गया है और इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। 

कॉलेज के प्राचार्य बीएस बनकोटी के मुताबिक अभी तक करीब 10 प्रतिशत मतदान हुआ है। एमबीपीजी कॉलेज में 12 हजार से अधिक छात्र मतदान करेंगे और मतदान दोपहर दो बजे तक चलेगा। चुनाव परिणाम देर रात तक आने की संभावना है।
 

 

 

WhatsApp Group Join Now