हल्द्वानी - MBPG कॉलेज छात्रसंघ चुनाव का मतदान खत्म, जानिए महज इतना प्रतिशत ही हुआ मतदान
हल्द्वानी - एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए मंगलवार को हुआ मतदान समाप्त हो गया। कॉलेज में कुल 31.74 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कॉलेज में कुल 12,800 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं, जिनमें से 4,063 छात्र-छात्राओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। छात्रसंघ चुनाव को लेकर सुबह से ही एमबीपीजी कॉलेज परिसर में छात्र-छात्राओं की आवाजाही बनी रही। मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा।

अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबला -
इस बार अध्यक्ष पद के लिए एबीवीपी के धीरज बिष्ट, एनएसयूआई के मेहुल शाह और निर्दलीय प्रत्याशी आर्यन बेलवाल के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। तीनों प्रत्याशियों ने मतदान से पहले अपने-अपने समर्थन में छात्रों से वोट करने की अपील की। चुनाव को देखते हुए पुलिस ने कॉलेज परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। तिकोनिया से सौरभ होटल तक के क्षेत्र को जीरो जोन बनाया गया था। मतदान के दौरान इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा।
वहीं, मतदान के बीच कॉलेज परिसर के बाहर मारपीट के आरोप को लेकर भी हलचल देखने को मिली। एबीवीपी प्रत्याशी की ओर से बाहर से आए एक छात्र के साथ मारपीट का आरोप लगाया गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन ने मौके पर सक्रियता बढ़ाई।
अब परिणाम का इंतजार -
मतदान समाप्त होने के बाद अब सभी की नजर छात्रसंघ चुनाव के परिणाम पर है। अध्यक्ष समेत विभिन्न पदों पर मैदान में उतरे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतगणना के बाद होगा। कॉलेज प्रशासन के अनुसार परिणाम देर रात तक आने की संभावना है।


