देहरादून - कैबिनेट मंत्री और DM के बीच टकराव का वीडियो वायरल, प्रदेश में मच गया भूचाल, लोग दे रहे हैं प्रतिक्रिया 

 | 
देहरादून - कैबिनेट मंत्री और DM के बीच टकराव का वीडियो वायरल, प्रदेश में मच गया भूचाल, लोग दे रहे हैं प्रतिक्रिया 

देहरादून -  प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश से उत्पन्न आपदा जैसे हालात के बीच देहरादून में एक बड़ी प्रशासनिक असहमति सामने आई है। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल के बीच हुए तीखे संवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिससे प्रदेश की सियासत और ब्यूरोक्रेसी में तूफान आ गया है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भारी बारिश के कारण प्रदेश में कई स्थानों पर जलभराव, भूस्खलन और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो चुका है। इस आपात स्थिति में मंत्री गणेश जोशी ने देहरादून के डीएम स्वीन बंसल को कई बार फोन किया, लेकिन उन्हें कोई उत्तर नहीं मिला।


जब मंत्री ने सीधा मुख्यमंत्री कार्यालय में संपर्क किया, तब जाकर डीएम का फोन आया। इसके बाद दोनों अधिकारी आपदा प्रभावित क्षेत्रों के निरीक्षण के लिए निकले। निरीक्षण के दौरान जब मंत्री गणेश जोशी और डीएम सविन बंसल आमने-सामने हुए, तो मंत्री ने नाराज़गी ज़ाहिर करते हुए कहा – "तुम्हारा एसडीएम फोन उठाता है, एडीएम फोन उठाता है, लेकिन तुम फोन नहीं उठाते हो। जब मुख्यमंत्री कार्यालय में फोन किया तब तुम फोन उठाते हो।"

इस पर डीएम सविन बंसल ने बिना कोई प्रतिक्रिया दिए केवल "नमस्कार" कहा और आगे बढ़ गए। वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि बंसल ने मंत्री की बातों को अनसुना कर दिया और किसी तरह की प्रतिक्रिया देने से परहेज़ किया।

इस घटना के सामने आने के बाद प्रदेश भर में तरह- तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कोई डीएम को सही बता रहे हैं तो कोई मंत्री को, आम जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच यह सवाल उठने लगा है कि जब आपदा जैसे गंभीर हालातों में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच ऐसा टकराव होगा तो पिसेगी जनता ही। 

WhatsApp Group Join Now