Uttarakhand Weather - कड़ाके की ठंड से कांप रहा उत्तराखंड, इन जिलों के लिए कोल्ड डे का येलो अलर्ट जारी
 

 | 

Uttarakhand Weather - उत्तराखंड में कुमाऊं के मैदानी इलाकों में कोहरे और सर्द लहरों से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। इससे गलन बढ़ने लगी है। वहीं, आज भी सुबह से खटीमा, रुद्रपुर, हल्द्वानी में कोहरा छाया हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार, आज उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, देहरादून, पौड़ी, टिहरी, अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, चंपावत और हरिद्वार में पाले को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।


वहीं, बुधवार मौसम का सबसे ठंडा दिन रहा। दिन का तापमान 11 डिग्री रहा तो रात में पारा आठ डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। शहर सुबह घने कोहरे के आगोश में रहा तो दिनभर बादल और ठंडी हवाओं से जनजीवन प्रभावित रहा। कड़ाके की सर्दी से बचने के लिए घरों और दफ्तरों में लोगों ने अलाव, हीटर का सहारा लिया। सड़कों पर भी जहां कहीं अलाव जलता दिखा, लोग वहीं ठिठक गए। मौसम विभाग ने मैदानी क्षेत्रों में शीतलहर के साथ घना कोहरा छाने और पर्वतीय क्षेत्रों में पाले को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। 


मौसम विज्ञान केंद्र के चेतावनी की दृष्टिगत शासन प्रशासन अलर्ट मोड पर है। बच्चों की सुरक्षा की दृष्टि को देखते हुए उधम सिंह नगर जिले में कक्षा 1 से लेकर 12 तक के बच्चों की 13 जनवरी तक छुट्टी घोषित की गई है वहीं हरिद्वार जिले में भी आज कक्षा 1 से लेकर 8 तक के बच्चों की स्कूलों में छुट्टी रहेगी।


13 जनवरी तक मौसम शुष्क रहने के आसार मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉक्टर विक्रम सिंह के मुताबिक प्रदेश में अगले तीन दिन मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। कोहरे और शीतलहर के चलते दिन के तापमान में और गिरावट होने की संभावना है। जिसके चलते हरिद्वार, नैनीताल, पौड़ी और उधम सिंह नगर जनपदों के मैदानी इलाकों में कोल्ड डे की स्थिति बनने की संभावना व्यक्त है। बुधवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक 21.5 और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 5.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में अगले कुछ दिन पर्वतीय क्षेत्रों में पाला और मैदानी इलाकों में कोहरे से ठंड में और बढ़ोतरी होने के आसार हैं।

WhatsApp Group Join Now