उत्तराखंड - UK 07 Rider ने लिखा सोशल मीडिया पर किया भावुक पोस्ट, जानिए अनुराग क्यों बोला आज भी अनाथ हूं
देहरादून - अनुराग डोभाल, जिन्हें लोग UK 07 Rider के नाम से जानते हैं और जो Bigg Boss 17 से भी सुर्खियों में रहे, इन दिनों स्वास्थ्य कारणों से चर्चा में हैं। हाल ही में उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जानकारी के अनुसार, उन्होंने इंस्टाग्राम लाइव के दौरान खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की थी, जिसके बाद उन्हें पहले मेरठ के अस्पताल में भर्ती किया गया और फिर बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर कर दिया गया।
अब अनुराग डोभाल ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी हेल्थ अपडेट साझा की है। उन्होंने अपनी एक तस्वीर पोस्ट करते हुए भावुक संदेश लिखा, जिसमें उन्होंने कठिन समय में साथ देने वाले सभी लोगों का धन्यवाद किया। भावुक होते हुये उन्होंने लिखा मैं आज एक अनाथ हूं, मुझे नहीं पता आगे क्या होगा?
अपने पोस्ट में अनुराग ने लिखा कि उन्होंने कभी दोबारा जिंदगी की उम्मीद नहीं की थी और जिस रास्ते पर वे चले थे, वहां से लौटना लगभग नामुमकिन था। उन्होंने अपने बचने को किसी चमत्कार से कम नहीं बताया। भावुक शब्दों में उन्होंने कहा कि वे खुद को आज अकेला महसूस करते हैं और भविष्य को लेकर अनिश्चित हैं, लेकिन उन्हें विश्वास है कि भगवान ने उनके लिए कुछ खास जरूर सोचा होगा।
उन्होंने आगे बताया कि वे अब आईसीयू से बाहर हैं और पहले से सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने उन सभी लोगों का आभार जताया जिन्होंने उनके लिए प्रार्थना की।
बता दें कि अनुराग डोभाल उत्तराखंड के निवासी हैं और देहरादून के पास डोईवाला क्षेत्र में रहते हैं। एक लोकप्रिय यूट्यूबर और बाइकर के रूप में उनकी सोशल मीडिया पर बड़ी फैन फॉलोइंग है। Bigg Boss 17 में नजर आने के बाद उनके फॉलोअर्स की संख्या में काफी इजाफा हुआ है। इंस्टाग्राम, यूट्यूब और फेसबुक पर उनके लाखों फैंस हैं, खासकर युवा वर्ग में उनकी जबरदस्त लोकप्रियता है।
