उत्तराखंड - चालान करने के बजाय बाइक सवारों से ले लिए पैसे, एसएसपी का एक्शन, SI -SSI को किया निलंबित
रुद्रपुर - यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले बाइक सवारों से चालान के बजाय रुपये लेने के आरोप में यातायात पुलिस के एसआई और एएसआई को निलंबित कर दिया गया है। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद एसएसपी अजय गणपति ने एसआई राम सिंह और एएसआई बलवंत सिंह के खिलाफ कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार बुधवार को शहर की यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। इसी दौरान नैनीताल रोड पर एसआई राम सिंह और एएसआई बलवंत सिंह ने बिना हेलमेट बाइक सवार युवकों को रोक लिया। आरोप है कि दोनों पुलिसकर्मियों ने बाइक सवारों से बातचीत करने के बाद बिना चालान किए उन्हें जाने दिया।
बताया गया कि बातचीत के बाद बाइक सवार युवक ने पुलिस के बुलेट वाहन की डिग्गी में कुछ रुपये रख दिए। इसके बाद एसआई वहां पहुंचे और बिना कोई कार्रवाई किए बुलेट लेकर चले गए। मामले की जानकारी पुलिस अधिकारियों तक पहुंचने के बाद इसकी जांच कराई गई।
जांच के बाद यातायात निरीक्षक ने एसआई राम सिंह और एएसआई बलवंत सिंह के विरुद्ध रिपोर्ट तैयार कर एसएसपी को भेजी। रिपोर्ट का संज्ञान लेते हुए एसएसपी अजय गणपति ने दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।एसएसपी ने बताया कि प्रकरण में दोनों पुलिसकर्मियों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की गई है। पुलिस विभाग ने कार्रवाई के जरिए यातायात नियमों के पालन के दौरान किसी भी तरह की अनियमितता पर सख्ती का संदेश दिया है।



