उत्तराखंड - शौक पूरे करने के लिए मां के 20 लाख के जेवरात पर बेटे ने किया हाथ साफ़, पुलिस ने राजस्थान से किया गिरफ्तार
उत्तराखंड - पौड़ी गढ़वाल जिले के कोटद्वार में घर से करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। चोरी का आरोप शिकायतकर्ता महिला के बेटे पर लगा है। पुलिस ने आरोपी को राजस्थान की राजधानी जयपुर से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपनी निजी जरूरतों और शौक पूरे करने के लिए जेवरात चोरी कर फरार हो गया था। पुलिस के मुताबिक, कोटद्वार कोतवाली क्षेत्र निवासी एक महिला ने पांच अक्टूबर को घर से सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। महिला की तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए), 317(2) और 331(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस से मिला सुराग -
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई। अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर और क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता मंमगाई के पर्यवेक्षण में टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही संभावित रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। तकनीकी साक्ष्यों और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर आरोपी की लोकेशन राजस्थान में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने जयपुर के झालूपुरा क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
10.50 तोला सोना और 891 ग्राम चांदी बरामद -
पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से 10.50 तोला सोने के आभूषण और 891 ग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसने अपनी निजी जरूरतों, खर्च करने की आदतों और शौक पूरे करने के लिए मां के जेवर चोरी किए थे। वारदात के बाद वह आभूषण लेकर राजस्थान फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


