उत्तराखंड - SDM और नगर पालिका को इस संगठन से आया बम धमकी ई-मेल, गृह मंत्री से लेकर सीएम भी निशाने पर, पुलिस अलर्ट
उत्तराखंड - मसूरी नगर पालिका और एसडीएम मसूरी के आधिकारिक ई-मेल पर मंगलवार को बम धमकी मिलने से प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। धमकी भरे ई-मेल में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत देहरादून से दिल्ली तक कई सरकारी संस्थानों, हरिद्वार, ऋषिकेश, केदारनाथ धाम, बदरीनाथ धाम, रेलवे स्टेशनों और रेलवे ट्रैक को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई है।
ई-मेल में कुछ स्थानों के लिए तारीख और समय का भी उल्लेख किया गया है। संदेश में खालिस्तान का जिक्र करते हुए आपत्तिजनक बातें लिखी गई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, खुफिया एजेंसियां और साइबर सेल सक्रिय हो गई हैं तथा मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने और उसे ट्रेस करने का प्रयास कर रही है। एहतियात के तौर पर संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।
एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। फिलहाल जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
