उत्तराखंड - राशन कार्ड की अधिकतम आय सीमा में होगा बदलाव, राशन वितरण प्रणाली 30 जून तक होगी ऑनलाइन
देहरादून - प्रदेश में एपीएल (राज्य खाद्य योजना) और अंत्योदय राशन कार्ड की अधिकतम आय सीमा में जल्द संशोधन किया जाएगा। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही राशन विक्रेताओं का 39 करोड़ रुपये का लंबित लाभांश भी एक सप्ताह के भीतर जारी किया जाएगा।
सचिवालय में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि राशन कार्ड बनाने के लिए निर्धारित आय मानक काफी पुराने हो चुके हैं, जिससे पात्र लोगों को कार्ड बनवाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों को सभी जिला पूर्ति अधिकारियों के सुझावों के साथ एक समिति गठित कर आय मानकों की समीक्षा करने के निर्देश दिए। मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार से हाल ही में 39 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई है। इसके तहत नवंबर माह से लंबित राशन विक्रेताओं का लाभांश शीघ्र जारी किया जाएगा।
30 जून तक ऑनलाइन होगी राशन वितरण व्यवस्था -
बैठक के दौरान राशन विक्रेता संगठन ने राज्य खाद्य योजना के अंतर्गत लाभांश राशि 50 रुपये से बढ़ाकर 180 रुपये करने की मांग रखी। इस पर मंत्री ने जल्द कैबिनेट में प्रस्ताव लाने का आश्वासन दिया। राशन विक्रेताओं की मांग पर मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 30 जून तक राशन वितरण प्रणाली को पूरी तरह ऑनलाइन किया जाए। इसके लागू होने के बाद मैन्युअल रजिस्टर रखने की व्यवस्था समाप्त हो जाएगी। राशन कार्ड बनाने के लिए नए सॉफ्टवेयर का उपयोग किया जा रहा है, जिसके संचालन के लिए कर्मचारियों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए केंद्र से दो प्रशिक्षकों को बुलाया गया है।
