उत्तराखंड - गिरधारी लाल साहू पर गैंगस्टर एक्ट लगाने की तैयारी, 44 से अधिक मुकदमों का आपराधिक रिकॉर्ड

 | 
उत्तराखंड - गिरधारी लाल साहू पर गैंगस्टर एक्ट लगाने की तैयारी, 44 से अधिक मुकदमों का आपराधिक रिकॉर्ड

देहरादून - उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। पत्नी के कथित फर्जी हस्ताक्षर कर चार कंपनियों के निदेशक पद से हटाने के लिए कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल के आरोपों से घिरे गिरधारी लाल साहू के खिलाफ अब देहरादून पुलिस गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

 

पुलिस के अनुसार, गिरधारी लाल साहू के खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में 44 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच करने के साथ ही अन्य मामलों और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े तथ्यों को भी खंगाल रही है।

 

मामले के अनुसार, गिरधारी लाल साहू पर अपनी पत्नी रेखा आर्या के फर्जी हस्ताक्षर कर उन्हें चार कंपनियों के निदेशक पद से हटाने के लिए कूटरचित दस्तावेज तैयार करने का आरोप है। पुलिस इस कथित जालसाजी में इस्तेमाल किए गए दस्तावेजों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस पूरे मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल रहे।

गौरतलब है कि देहरादून पुलिस ने बीती 6 नवंबर को उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरधारी लाल साहू और उनके भतीजे सतेंद्र राठौर को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद से पुलिस मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल में जुटी हुई है।

पुलिस कस्टडी रिमांड और वायस सैंपल लेने की तैयारी -

पुलिस आरोपित से विस्तृत पूछताछ के लिए उसका पुलिस कस्टडी रिमांड लेने की प्रक्रिया में जुटी है। रिमांड के दौरान कथित फर्जीवाड़े में इस्तेमाल दस्तावेजों की तैयारी, उनकी भूमिका और मामले से जुड़े अन्य व्यक्तियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सकती है।

इसके अलावा पुलिस गिरधारी लाल साहू का वायस सैंपल लेने की भी तैयारी कर रही है। इसके जरिए मामले से जुड़े उपलब्ध ऑडियो साक्ष्यों का वैज्ञानिक परीक्षण कराया जाएगा, ताकि जांच में सामने आए तथ्यों का तकनीकी आधार पर सत्यापन किया जा सके। फिलहाल पुलिस की जांच और आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

WhatsApp Group Join Now