उत्तराखंड - पुलिस ने किराए के मकान में चल रहे देह व्यापार के धंधे का भंडाफोड़, तीन महिलाएं सहित 6 लोग गिरफ्तार

 | 
उत्तराखंड - पुलिस ने किराए के मकान में चल रहे देह व्यापार के धंधे का भंडाफोड़, तीन महिलाएं सहित 6 लोग गिरफ्तार

उत्तराखंड - देहरादून के पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के हरभजवाला स्थित नीलकंठ एनक्लेव में पुलिस ने किराए के मकान में चल रहे कथित देह व्यापार के धंधे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से तीन महिलाओं और तीन पुरुषों को गिरफ्तार किया, जबकि एक नाबालिग लड़की को रेस्क्यू किया गया। पुलिस के अनुसार नाबालिग को दिल्ली से मसूरी घुमाने के बहाने देहरादून लाया गया था और उसे कमरे में बंधक बनाकर गलत काम के लिए दबाव बनाया जा रहा था।

पुलिस के मुताबिक, एक अक्टूबर को सूचना मिली थी कि नीलकंठ एनक्लेव में कुछ महिलाएं और पुरुष देह व्यापार में संलिप्त हैं। सूचना पर पटेलनगर पुलिस ने मकान में छापा मारा। मौके पर तीन महिलाएं, तीन पुरुष और एक नाबालिग लड़की मिली। पुलिस ने वहां से आपत्तिजनक सामग्री के साथ देह व्यापार से जुड़ी 18 हजार रुपये की नकदी बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी मनीष कुमार लखेड़ा ने मकान किराए पर लिया था। आरोप है कि वह दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से महिलाओं को बुलाकर ग्राहकों से संपर्क करता था। पूछताछ में सामने आया कि ग्राहकों से व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क कर उन्हें महिलाओं की तस्वीरें भेजी जाती थीं। ग्राहक की मांग के अनुसार महिलाओं को किराए के कमरे या ग्राहक द्वारा बताए गए स्थान पर भेजे जाने का आरोप है।

पुलिस के मुताबिक, नाबालिग लड़की को आरोपी का साथी अभिषेक दिल्ली से मसूरी घुमाने के बहाने देहरादून लेकर आया था। आरोप है कि उसे कमरे में बंधक बनाकर रखा गया और गलत काम के लिए दबाव बनाया गया। लड़की के इनकार करने पर भी उसे वहां से जाने नहीं दिया गया।

मामले में पुलिस ने मनीष कुमार लखेड़ा निवासी नीलकंठ एनक्लेव, हरभजवाला देहरादून, अभिषेक निवासी महावीर नगर दिल्ली, भानू उर्फ सिद्धांत निवासी बड़ोवाला, आरकेडिया नगर देहरादून तथा दिल्ली निवासी तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की संबंधित धाराओं, पॉक्सो अधिनियम और अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

कोतवाली पटेलनगर प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के साथ मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

WhatsApp Group Join Now