उत्तराखंड- यहाँ ताले तोड़कर अंदर घुसी पुलिस, स्पा सेंटरों पर ताबड़तोड़ छापेमारी

 | 
उत्तराखंड- यहाँ ताले तोड़कर अंदर घुसी पुलिस, स्पा सेंटरों पर ताबड़तोड़ छापेमारी

रुद्रपुर - शहर के एक मॉल में संचालित स्पा सेंटरों पर उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने अचानक छापेमारी की। यह कार्रवाई एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर की गई। छापेमारी के दौरान कई स्पा सेंटर संचालक मौके से फरार हो गए। कुछ ने जांच से बचने के लिए अपने सेंटरों पर ताले लगा दिए, लेकिन प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में ग्राइंडर मशीन से ताले कटवाए और पुलिस टीम अंदर दाखिल हुई।


जांच के दौरान सेंटरों के अंदर कई युवक-युवतियां मौजूद मिले, जिनसे पूछताछ की गई। प्रारंभिक जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन और अन्य जरूरी दस्तावेजों में भारी कमी पाई गई।


प्रशासन ने नियमों का उल्लंघन करने वाले स्पा सेंटरों के खिलाफ तत्काल चालानी कार्रवाई की। जिन सेंटरों के ताले तोड़े गए, वहां सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि दोबारा अवैध गतिविधियां संचालित न हो सकें।


स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले भी इन स्पा सेंटरों पर कार्रवाई हो चुकी है, लेकिन कुछ समय बाद वे फिर से चालू हो जाते हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर इन सेंटरों को बार-बार संचालन की अनुमति कैसे मिल जाती है। प्रशासन की इस कार्रवाई से साफ है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी, लेकिन स्थायी समाधान के लिए लगातार निगरानी और कड़े नियमों का पालन जरूरी होगा। अब देखना होगा कि इस बार की कार्रवाई का कितना असर पड़ता है।

WhatsApp Group Join Now