उत्तराखंड - टोल टैक्स और पार्किंग बचाने के चक्कर में पिता की वर्दी की दिखाता था रौब, पुलिस ने गिरफ्तार कर वाहन किया सीज 
 

 | 
उत्तराखंड - टोल टैक्स और पार्किंग बचाने के चक्कर में पिता की वर्दी की दिखाता था रौब, पुलिस ने गिरफ्तार कर वाहन किया सीज 

उत्तराखंड - पर्यटन सीजन के बीच मसूरी पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जो अपने पिता की पुलिस वर्दी और पी-कैप का इस्तेमाल कर टोल टैक्स और पार्किंग में फायदा उठाने की कोशिश कर रहा था। युवक नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया, जिसके बाद पुलिस ने उसकी कार सीज कर विधिक कार्रवाई की।

मसूरी कोतवाल देवेंद्र चौहान के अनुसार, शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान लाइब्रेरी चौक पर यूपी-15-डीजेड-2906 नंबर की एक वैगनआर कार संदिग्ध अवस्था में दिखाई दी। कार के डैशबोर्ड पर उत्तर प्रदेश पुलिस की पी-कैप रखी थी, जबकि पीछे उपनिरीक्षक की वर्दी टंगी हुई थी। शक होने पर पुलिस ने वाहन रोककर जांच की।

जांच में चालक की पहचान मेरठ निवासी विनय सिंह के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार युवक शराब के नशे में वाहन चला रहा था और कार में उसके तीन अन्य साथी भी मौजूद थे। पूछताछ में युवक ने स्वीकार किया कि उसके पिता उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक हैं और वह टोल टैक्स, पार्किंग समेत अन्य जगहों पर पुलिसकर्मी होने का प्रभाव दिखाने के लिए वर्दी और पी-कैप साथ रखता था। युवक ने पुलिस से माफी भी मांगी, लेकिन नियमों के उल्लंघन और ड्रिंक एंड ड्राइव मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया।

WhatsApp Group Join Now