उत्तराखंड - NSUI जिलाध्यक्ष निष्कासित, 5 विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पर भी हुई कार्रवाई, ABVP के पक्ष में मतदान कराने का आरोप
देहरादून - उत्तराखंड में छात्र संघ चुनाव के बाद NSUI ने संगठन के खिलाफ गतिविधियों के आरोप में चमोली जिलाध्यक्ष समेत छह पदाधिकारियों को निष्कासित कर दिया है। इनमें पांच विश्वविद्यालय प्रतिनिधि भी शामिल हैं। संगठन ने आरोप लगाया है कि संबंधित पदाधिकारियों ने छात्र संघ चुनाव के दौरान संगठन के निर्देशों के विपरीत काम करते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के पक्ष में मतदान कराया।
NSUI के प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी की ओर से जारी पत्र के अनुसार, चमोली जिलाध्यक्ष विपिन फर्स्वाण को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निष्कासित किया गया है। पत्र में कहा गया है कि छात्र संघ चुनाव के दौरान उन्होंने संगठन के निर्देशों की अवहेलना करते हुए ABVP के पक्ष में मतदान करवाया। संगठन ने इसे अनुशासनहीनता और पार्टी की विचारधारा के विपरीत आचरण माना है।


इसके अलावा NSUI ने पांच अधिकृत विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों पर भी कार्रवाई की है। निष्कासित किए गए प्रतिनिधियों में गोपेश्वर से ललित सिंह, कर्णप्रयाग से विशाल, जोशीमठ से सुमित सिंह, नारायणबगड़ से गौरव और नंदानगर घाट से अजय सिंह शामिल हैं। संगठन ने इन सभी पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया है।
इधर, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने छात्र संघ चुनाव में NSUI के प्रदर्शन पर संतोष जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि डीएवी पीजी कॉलेज में छात्र संघ अध्यक्ष का चुनाव पुलिस-प्रशासन के दबाव में कराया गया और चुनाव में वोटों में कथित धांधली हुई। हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित पक्ष का पक्ष सामने आना बाकी है।


