उत्तराखंड - प्रेम विवाह के एक माह बाद ही नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके में लगाई फांसी, मचा कोहराम
बागेश्वर (उत्तराखंड) - कपकोट थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़िया तोली में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। 22 वर्षीय ममता गढ़िया ने मायके में कमरे के भीतर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मायके और ससुराल पक्ष में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ममता गढ़िया ने करीब एक माह पूर्व पवन गढ़िया से प्रेम विवाह किया था। दोनों पिछले दो वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे और आपसी सहमति से विवाह किया था। ममता बीते रविवार को अपने पिता देव सिंह के घर आई हुई थी। बुधवार देर रात करीब 12:30 बजे उसने कमरे के भीतर फांसी लगा ली।
बताया जा रहा है कि घटना से पहले ममता ने पूरी घटना की रिकॉर्डिंग अपने पिता के फोन से पति को भेजी थी। उस समय उसका पति दिल्ली में नौकरी कर रहा था। रिकॉर्डिंग मिलने के बाद पति ने तुरंत ससुराल पक्ष को सूचना दी। परिजन दरवाजा तोड़कर कमरे में पहुंचे, जहां ममता फंदे से लटकी मिली। उसे नीचे उतारकर अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मायके व ससुराल पक्ष की मौजूदगी में पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक ममता ने करीब पांच माह पूर्व भी विषाक्त पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच गई थी। वह उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही थी तथा एमए की पढ़ाई के साथ डीएलएड भी कर चुकी थी। घटना से एक दिन पूर्व उसने अपना मोबाइल फोन भी तोड़ दिया था।
फिलहाल मायके पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
