उत्तराखंड - नीट री-एग्जाम अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी, रोडवेज बसों में करें निशुल्क यात्रा, जानिए क्या रहेगा फ्री पास का आधार

 | 
उत्तराखंड - नीट री-एग्जाम अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी, रोडवेज बसों में करें निशुल्क यात्रा, जानिए क्या रहेगा फ्री पास का आधार

देहरादून - नीट-यूजी 2026 पुनर्परीक्षा में शामिल होने जा रहे उत्तराखंड के अभ्यर्थियों को राज्य सरकार ने बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उत्तराखंड परिवहन निगम ने परीक्षार्थियों के लिए रोडवेज की साधारण बसों में निशुल्क यात्रा सुविधा देने का निर्णय लिया है। परिवहन निगम के अनुसार 21 जून को आयोजित होने वाली नीट-यूजी री-एग्जाम के मद्देनजर राज्य के स्थायी निवासी अभ्यर्थी 19 जून से 23 जून तक निगम की साधारण श्रेणी की बसों में बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगे। इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए छात्रों को केवल अपना वैध नीट-यूजी 2026 प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) दिखाना होगा। किसी अतिरिक्त पंजीकरण या दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी।

 

निगम की प्रबंध निदेशक रीना जोशी ने बताया कि एडमिट कार्ड को ही यात्रा के लिए मान्य दस्तावेज माना जाएगा। हालांकि यह सुविधा केवल साधारण बसों में उपलब्ध रहेगी। एसी, वॉल्वो और अन्य विशेष श्रेणी की बसों में इसका लाभ नहीं मिलेगा। परीक्षा अवधि को देखते हुए निगम मुख्यालय ने सभी डिपो प्रबंधकों, चालकों और परिचालकों को अभ्यर्थियों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार करने तथा दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले छात्रों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। आवश्यकता पड़ने पर परीक्षार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर सीट उपलब्ध कराने को भी कहा गया है।

 

गौरतलब है कि हर वर्ष राज्य के हजारों छात्र मेडिकल प्रवेश परीक्षा में शामिल होते हैं। इनमें बड़ी संख्या पर्वतीय और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले अभ्यर्थियों की होती है। ऐसे में सरकार के इस निर्णय से छात्रों एवं उनके परिवारों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।

WhatsApp Group Join Now