उत्तराखंड - विधायक पर आरोप लगाकर दी आत्मदाह की चेतावनी, स्टोन क्रशर में धोखाधड़ी का लगाया आरोप

Udham Singh Nagar - गदरपुर के मुरलीवाला स्थित एक स्टोन क्रशर विवाद में बड़ा मोड़ आ गया है। क्रशर के साझेदार गुरपेज बाजवा, गुरविंदर बाजवा और बलविंदर बाजवा ने प्रेस वार्ता कर भाजपा विधायक अरविंद पांडेय पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बाजवा बंधुओं ने दावा किया है कि विधायक ने उनके पार्टनर अनूप अग्रवाल की धोखाधड़ी की जानकारी होने के बावजूद उसे राजनीतिक संरक्षण दिया।

गुरपेज बाजवा ने बताया कि वर्ष 2016 में उन्होंने अपने पुश्तैनी भूखंड पर अनूप अग्रवाल के साथ मिलकर स्टोन क्रशर की स्थापना की थी। समझौते के मुताबिक बाजवा बंधुओं की हिस्सेदारी 45% और अनूप अग्रवाल की 55% थी। लेकिन, उनका आरोप है कि क्रशर शुरू होते ही अनूप ने उन्हें अंधेरे में रखकर लगातार धोखाधड़ी की। उन्हें आज तक लाभांश नहीं मिला और न ही किसी भी प्रकार का वित्तीय ब्यौरा दिया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि जब इस मामले को स्थानीय प्रशासन और नेताओं के सामने उठाया गया, तब भी उन्हें न्याय नहीं मिला। विधायक अरविंद पांडेय पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि वह अनूप अग्रवाल को संरक्षण दे रहे हैं, जिससे जांच आगे नहीं बढ़ रही। बाजवा बंधुओं ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें जल्द न्याय नहीं मिला तो वे आत्मदाह जैसा कठोर कदम उठाने को मजबूर होंगे।
प्रशासन की चुप्पी पर सवाल -
मामले में अब तक प्रशासन की ओर से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं आई है, जिससे बाजवा बंधु असहाय महसूस कर रहे हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।