उत्तराखंड - दलेर मेहंदी से मंत्री सुबोध उनियाल ने मांगी माफी, सीएम धामी ने मीका-दलेर को उत्तराखंड आने का दिया न्योता
देहरादून - टिहरी जिले के सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में पंजाबी गायक दलेर मेहंदी की प्रस्तुति के दौरान हुए विवाद को खत्म करने की पहल की गई है। चर्चा है कि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने फोन पर बातचीत के दौरान दलेर मेहंदी से माफी मांगी है। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दलेर मेहंदी और मीका सिंह को उत्तराखंड आने का निमंत्रण दिया है। इस पहल के बाद विवाद के शांत होने के संकेत मिल रहे हैं।
मीका सिंह की टीम ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि कलाकारों के सम्मान और गरिमा का ध्यान रखा जाना चाहिए। टीम ने उम्मीद जताई कि आपसी सम्मान के साथ इस मामले को समाप्त किया जाएगा और विवाद को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा।
मीका सिंह के मुताबिक, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनसे और उनके बड़े भाई दलेर मेहंदी से बातचीत की। उन्होंने मुख्यमंत्री के बातचीत करने के तरीके की सराहना करते हुए बताया कि दोनों भाइयों को उत्तराखंड आने का न्योता दिया गया है। उन्होंने संकेत दिए कि वे जल्द ही प्रदेश में कार्यक्रम करने की योजना बना सकते हैं।
इस संबंध में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया। ऐसे में मंत्री की ओर से माफी मांगे जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
प्रस्तुति के दौरान हस्तक्षेप से शुरू हुआ था विवाद
विवाद की शुरुआत कुंजापुरी मेले में दलेर मेहंदी की प्रस्तुति के दौरान हुई थी। कार्यक्रम के बीच कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने हस्तक्षेप करते हुए गायक पर लिप-सिंक करने के आरोप लगाए थे। इस घटनाक्रम के बाद मामला तूल पकड़ गया था।
दलेर मेहंदी के समर्थन में उनके छोटे भाई और गायक मीका सिंह ने भी सार्वजनिक रूप से प्रतिक्रिया दी थी। इसके बाद मामले ने व्यापक चर्चा का रूप ले लिया। अब मुख्यमंत्री की ओर से दोनों गायकों को आमंत्रित किए जाने और बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने की पहल से प्रकरण के शांत होने की उम्मीद जताई जा रही है।


