उत्तराखंड - पति पर पत्नी की गोली मारकर हत्या का आरोप, वारदात के बाद हुआ फरार, मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू
उत्तराखंड - देहरादून के क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक महिला की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 26 वर्षीय काजल पत्नी धीरज पंवार के रूप में हुई है। घटना के बाद से उसका पति धीरज पंवार फरार है। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब छह बजे कंट्रोल रूम में धीरज पंवार ने फोन कर अपनी पत्नी को गोली मारने की सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास तलाश की। एक प्लॉट के अंदर बने कमरे में काजल मृत अवस्था में मिली। प्रारंभिक जांच में उसकी मौत गोली लगने से होने की बात सामने आई है।
मृतका के भाई ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पिछले कई दिनों से काजल और उसके पति के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं।
सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर क्लेमेनटाउन थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। उसकी तलाश की जा रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।


