उत्तराखंड - खानपुर विधायक उमेश कुमार ने अपनी सदस्यता से इस्तीफा देने की घोषणा की, जानिए क्या है वजह
देहरादून - उत्तराखंड विधानसभा के दो दिवसीय सत्र के बीच हरिद्वार जिले की खानपुर विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने की घोषणा की है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने में उनका साथ नहीं दिया। उमेश कुमार के मुताबिक, वह बुधवार को विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देंगे।
उमेश कुमार ने स्पष्ट किया कि वह न तो कांग्रेस में शामिल होने जा रहे हैं और न ही भाजपा में। उन्होंने कहा कि वह इन दोनों दलों में जाकर उनके नेताओं के समर्थन में नारे नहीं लगा सकते। उनके अनुसार, जो लोग कभी उनके दरवाजे पर आकर बैठते थे, अब उन्हीं के समर्थन में खड़े होने का सवाल नहीं है।
किसानों की फसल बर्बादी का मुद्दा उठाया -
निर्दलीय विधायक ने हरिद्वार में किसानों की फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस मामले में उनके साथ कोई खड़ा नहीं हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की समस्या को लेकर विपक्ष की ओर से भी अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने विधानसभा की सदस्यता छोड़ने का ऐलान किया है।
इस्तीफे की घोषणा से सियासी हलचल -
विधानसभा सत्र के दौरान उमेश कुमार की इस घोषणा से प्रदेश की राजनीति में चर्चा तेज हो गई है। उन्होंने अपने फैसले के पीछे जनता के मुद्दों पर समर्थन नहीं मिलने को वजह बताया है। हालांकि, उनकी सदस्यता से इस्तीफे की घोषणा के बाद अब सबकी नजर बुधवार को उनके अगले कदम पर रहेगी। इस्तीफा दिए जाने और उसके बाद की संवैधानिक प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।


