उत्तराखंड - सरकारी कर्मचारियों को बड़ा तोहफा देने की तैयारी, दिवाली से पहले बढाया जायेगा इतना DA 
 

 | 
उत्तराखंड - सरकारी कर्मचारियों को बड़ा तोहफा देने की तैयारी, दिवाली से पहले बढाया जायेगा इतना DA 

देहरादून - दीपावली से पहले उत्तराखंड सरकार सरकारी कर्मचारियों को बड़ा तोहफा देने की तैयारी कर रही है। वित्त विभाग ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को बोनस और महंगाई भत्ते (डीए) में बढ़ोतरी का प्रस्ताव भेज दिया है। उम्मीद है कि सीएम जल्द इस पर मंजूरी देंगे। हाल ही में केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों का महंगाई भत्ता तीन प्रतिशत बढ़ाया था। उसी क्रम में अब उत्तराखंड सरकार भी राज्य कर्मचारियों का डीए 55% से बढ़ाकर 58% करने जा रही है। वित्त विभाग के अनुसार, यह बढ़ोतरी चरणबद्ध तरीके से लागू होगी और सबसे पहले इसका लाभ सातवें वेतनमान वाले कर्मचारियों को दिया जाएगा।

दीपावली के मौके पर सरकार 4800 ग्रेड वेतन तक के कर्मचारियों को तदर्थ बोनस (Ad-hoc Bonus) देने की भी तैयारी कर रही है। इस बोनस की अधिकतम सीमा 7000 रुपये तय की गई है। इसके आधार पर कर्मचारियों को लगभग 6908 रुपये का बोनस मिलेगा। यह राशि दीपावली से पहले जारी किए जाने की संभावना है।

बोनस का लाभ उन कर्मचारियों को मिलेगा जो 31 मार्च 2025 तक सेवा में हैं और जिन्होंने कम से कम छह महीने की सतत सेवा पूरी की है। जिनकी सेवा छह महीने से कम है, उन्हें सेवा अवधि के अनुसार बोनस दिया जाएगा। वहीं, दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को, जिन्होंने पिछले तीन वर्षों में हर वर्ष कम से कम 240 दिन काम किया है, 1184 रुपये बोनस मिलेगा।

सूत्रों के अनुसार, वित्त विभाग ने बोनस और डीए वृद्धि से संबंधित पूरी फाइल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भेज दी है। स्वीकृति मिलने के बाद यह फैसला दीपावली से पहले लागू कर दिया जाएगा।


 

WhatsApp Group Join Now