उत्तराखंड - हॉस्टल हादसा तीसरी मंजिल से गिरी छात्रा ICU में है भर्ती, चार छात्राओं पर मुकदमा हुआ दर्ज
देहरादून - राजेश्वर नगर स्थित एक छात्रावास में रहने वाली एक छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में तीसरी मंजिल की बालकनी से नीचे गिर गई। गंभीर रूप से घायल छात्रा अस्पताल के न्यूरो आईसीयू में भर्ती है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। छात्रा के पिता ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या के प्रयास की आशंका जताई है। पुलिस ने चार छात्राओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, आगरा निवासी राहुल भगौर की पुत्री डेलिशा भगौर देहरादून के एक शैक्षणिक संस्थान में अध्ययनरत है और राजेश्वर नगर स्थित स्काईलाइन अपार्टमेंट फेज-1 के एक छात्रावास में रहती है। राहुल भगौर ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि चार जून की देर रात करीब साढ़े 12 बजे से एक बजे के बीच उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी छात्रावास की तीसरी मंजिल की बालकनी से नीचे गिर गई है। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल डेलिशा को तत्काल मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। परिजनों के अनुसार छात्रा की हालत नाजुक बनी हुई है।
पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया कि घटना के बाद हॉस्टल में रहने वाली अन्य छात्राओं द्वारा दी जा रही जानकारी संतोषजनक नहीं है और पूरे मामले में कई परिस्थितियां संदेह पैदा करती हैं। उन्होंने पुलिस से छात्रावास और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सुरक्षित रखने तथा उसकी गहन जांच कराने की मांग की है। साथ ही घटना के समय मौजूद सभी छात्राओं के स्वतंत्र और कैमरे के सामने बयान दर्ज किए जाने की भी मांग की है।
शिकायत में कुछ छात्राओं का नाम लेते हुए राहुल भगौर ने आशंका व्यक्त की है कि उनकी बेटी को धक्का देकर नीचे गिराया गया हो सकता है। पुलिस ने चार छात्राओं के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जाएगी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
