उत्तराखंड - हाईस्कूल-इंटरमीडिएट सुधार परीक्षा के परिणाम घोषित, UBSE की वेबसाइट पर जारी हुआ रिजल्ट
रामनगर - उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद (UBSE) ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की सुधार परीक्षा प्रथम 2026 और सुधार परीक्षा तृतीय 2025 के परिणाम बुधवार को घोषित कर दिए। परीक्षार्थी अपना रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद के सभागार में माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनोद प्रसाद सिमल्टी ने सुबह 11 बजे परीक्षाफल जारी किया। बोर्ड के अनुसार सुधार परीक्षा प्रथम एवं तृतीय के लिए कुल 19,550 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें 8,472 हाईस्कूल और 11,078 इंटरमीडिएट के परीक्षार्थी शामिल थे।
22 से 29 जुलाई तक हुई थी परीक्षा -
सुधार परीक्षाएं 22 जुलाई से 29 जुलाई तक प्रदेश के 97 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थीं। परीक्षा संपन्न होने के बाद बोर्ड ने बुधवार को परिणाम जारी किए। सुधार परीक्षा प्रथम 2026 के हाईस्कूल वर्ग में 83.13 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल रहे। वहीं सुधार परीक्षा तृतीय 2025 में हाईस्कूल का उत्तीर्ण प्रतिशत 66.67 प्रतिशत रहा। इंटरमीडिएट में सुधार परीक्षा प्रथम 2026 का उत्तीर्ण प्रतिशत 73.35 प्रतिशत और सुधार परीक्षा तृतीय 2025 का परिणाम 58.70 प्रतिशत रहा।
ऐसे चेक करें रिजल्ट -
परीक्षार्थी अपना परिणाम उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की आधिकारिक वेबसाइट www.ubse.gov.in पर जाकर देख सकते हैं। वेबसाइट पर रिजल्ट लिंक पर क्लिक करने के बाद मांगी गई जानकारी दर्ज कर परिणाम डाउनलोड किया जा सकता है।
