उत्तराखंड - एयरपोर्ट स्टेट गेस्ट हाउस में तैनात हेड कांस्टेबल की संदिग्ध मौत, 11 राउंड फायरिंग से मचा हड़कंप
Uttarakhand Crime - उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से सनसनीखेज मामला सामने आया है। जौलीग्रांट एयरपोर्ट स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में तैनात हेड कांस्टेबल सुनील की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के दौरान उनकी सरकारी कार्बाइन से करीब 11 राउंड फायरिंग होने की बात सामने आई है, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, हेड कांस्टेबल सुनील सोमवार को ड्यूटी समाप्त करने के बाद रानीपोखरी स्थित अपने आवास पहुंचे थे। देर शाम अचानक उनके घर से लगातार गोलियों की आवाज सुनाई दी। फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घबरा गए और मौके पर पहुंचे। वहां सुनील खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में पता चला है कि फायरिंग सुनील की सरकारी कार्बाइन से हुई है। हालांकि घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस यह भी संभावना जता रही है कि हथियार साफ करते समय गोली चल सकती है, लेकिन एक साथ 11 राउंड फायरिंग होना जांच का बड़ा विषय बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि घटना के समय सुनील घर के बरामदे में मौजूद थे। पुलिस ने कार्बाइन को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।
रानीपोखरी थाने के एसएसआई नवीन डंगवाल ने बताया कि घटना रात की है और गोली चलने के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस आत्महत्या, हादसा और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। इस घटना के बाद पुलिस विभाग में भी हड़कंप मचा हुआ है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
