उत्तराखंड - बदरीनाथ में पुलिस-सेना के बीच विवाद, मेजर समेत 15 जवानों पर दर्ज हुआ मुकदमा, जानिये वजह

 | 
उत्तराखंड- बदरीनाथ में पुलिस-सेना के बीच विवाद, मेजर समेत 15 जवानों पर दर्ज हुआ मुकदमा, जानिये वजह

उत्तराखंड - बदरीनाथ धाम में यात्रा और यातायात व्यवस्था के दौरान पुलिस और सेना के जवानों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। 8 अगस्त को ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड जवान और सेना के मेजर के बीच कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस और सेना के जवान आमने-सामने आ गए। पुलिस ने मामले में सेना के मेजर समेत करीब 15 जवानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


पुलिस के अनुसार, बदरीनाथ धाम में यात्रा, कांवड़ यात्रियों और यातायात व्यवस्था को देखते हुए होमगार्ड जवान दिनेश की ड्यूटी लगाई गई थी। इसी दौरान वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने को लेकर उसकी सेना के मेजर अनमोल प्रीत सिंह से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मेजर की ओर से अन्य सेना के जवानों को मौके पर बुलाया गया।


होमगार्ड को वाहन में ले जाने का आरोप -
पुलिस का आरोप है कि विवाद के दौरान होमगार्ड जवान के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई तथा उसे वाहन में बैठाकर ले जाने का प्रयास किया गया। सूचना मिलने पर चीता पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के बीच हस्तक्षेप कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और सेना के जवानों के बीच भी धक्का-मुक्की होने की बात सामने आई है।


घटना के बाद सेना के करीब 10 से 15 जवान बदरीनाथ थाने पहुंचे। मामले में कांस्टेबल 58 एपी विजय सिंह की लिखित तहरीर के आधार पर रात करीब 10:25 बजे बदरीनाथ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।


इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा -
पुलिस के मुताबिक, मेजर अनमोल प्रीत सिंह समेत अन्य सेना के जवानों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 121(1), 127(2), 132, 140(3), 191(2), 191(3), 351(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

चमोली पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने मामले की पुष्टि की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल मामले की विवेचना जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सीओ चमोली मदन बिष्ट ने बताया कि मेजर समेत 15 अन्य जवानों के खिलाफ बदरीनाथ थाने में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

WhatsApp Group Join Now