Uttarakhand Crime - एकतरफा प्यार में युवक ने खुद को मारी गोली, इलाके में मची सनसनी

 | 
Uttarakhand Crime - एकतरफा प्यार में युवक ने खुद को मारी गोली, इलाके में मची सनसनी

Uttarakhand Crime - धार्मिक नगरी हरिद्वार में एकतरफा प्यार का खौफनाक अंजाम सामने आया है। फैजाबाद (उत्तर प्रदेश) के एक युवक ने कथित तौर पर प्रेम प्रसंग में विफल होने पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, युवक अपनी गांव की एक युवती से मिलने हरिद्वार पहुंचा था, जो यहां एक फैक्ट्री में काम करती है। युवती ने युवक से बचते हुए पुलिस को सूचना दी कि उसके गांव का रहने वाला युवक उसके पास आया है और उसके पास पिस्टल भी है।


आरोप है कि युवक ने युवती के साथ मारपीट की, उसका मोबाइल फोन छीन लिया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए युवती से मिली जानकारी के आधार पर युवक की लोकेशन ट्रेस की और उसकी तलाश शुरू की।


मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम बहादराबाद क्षेत्र स्थित एक गैस प्लांट के पास खाली मैदान तक पहुंची। इसी दौरान, पुलिस के पहुंचने से पहले ही युवक ने अपनी कनपटी पर पिस्टल से गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि युवक के पास पिस्टल कहां से आई और दोनों के बीच विवाद की असली वजह क्या थी।


पुलिस ने युवक और युवती के परिजनों को हरिद्वार बुलाया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच के बाद ही मामले का पूरा खुलासा हो सकेगा।

 

WhatsApp Group Join Now