Uttarakhand Crime - यहां महिला की गोली मारकर कर दी हत्या, घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल 

 | 
Uttarakhand Crime - यहां महिला की गोली मारकर कर दी हत्या, घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल

Uttarakhand Crime - उत्तराखंड के देहरादून जिले के ऋषिकेश क्षेत्र में अपराध की सनसनीखेज घटना सामने आई है। शिवाजी नगर गली नंबर-16 में घर में अकेली रहने वाली एक महिला की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

घटना शनिवार रात करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, एक कमरे से अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े तो देखा कि कुछ लोग तेजी से भागते हुए नजर आए, जबकि घर के अंदर एक महिला खून से लथपथ फर्श पर पड़ी हुई थी। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर ऋषिकेश कोतवाली प्रभारी कैलाश चंद्र भट्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ और एसपी देहात जया बलूनी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र करीब 32 वर्ष थी और वह एम्स ऋषिकेश में आउटसोर्सिंग कर्मचारी के रूप में कार्यरत थी। महिला घर में अकेली रहती थी, जबकि उसका 8 वर्षीय बेटा नाना-नानी के पास रहता है। मृतका मूल रूप से यमकेश्वर क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है।

फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

एसपी देहात जया बलूनी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी की मदद ली जा रही है और जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद से क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है।

WhatsApp Group Join Now