Uttarakhand Crime - यहां रिटायर्ड एयरफोर्स जवान की गोली मारकर हत्या, लिफ्ट लेने के बहाने कार में बैठा था बदमाश

 | 
Uttarakhand Crime - यहां रिटायर्ड एयरफोर्स जवान की गोली मारकर हत्या, लिफ्ट लेने के बहाने कार में बैठा था बदमाश

Uttarakhand Crime - हरिद्वार जिले के बहादराबाद थाना क्षेत्र में एक रिटायर्ड एयरफोर्स जवान भगवान सिंह (62) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक जमालपुर की जेवीजी कॉलोनी के निवासी थे और घटना के समय शादी समारोह में जा रहे थे। वारदात के वक्त उनका 22 वर्षीय बेटा यशपाल भी कार में मौजूद था।

पुलिस के मुताबिक, 29 नवंबर की रात भगवान सिंह और उनके बेटे यशपाल रोशनाबाद किसी शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। ज्वालापुर के पास जटवाड़ा पुल पर उन्होंने लिफ्ट लेने के लिए एक अज्ञात व्यक्ति को कार में बैठा लिया। थोड़ी दूरी चलने के बाद पीछे की सीट पर बैठे बदमाश ने भगवान सिंह के सिर पर गोली चला दी।

गोली लगते ही भगवान सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। बेटे ने तुरंत कार का इमरजेंसी ब्रेक लगाकर कार रोकी, जिससे बदमाश अंधेरे में फरार हो गया। घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। लेकिन इलाज के दौरान भगवान सिंह ने दम तोड़ दिया।

बहादराबाद थाना प्रभारी अंकुर शर्मा ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश के लिए चेकिंग अभियान चलाया गया है, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और हर एंगल से मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में इस सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को देखते ही तुरंत जानकारी दें।

WhatsApp Group Join Now