उत्तराखंड - मुख्य सचिव के फ्लीट वाहन ने मारी टक्कर, कार हुई क्षतिग्रस्त, स्कूटी सवार गिरा, मौके पर हुआ हंगामा
उत्तराखंड - मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन के दो दिवसीय टिहरी दौरे के दौरान उनके फ्लीट में शामिल एक पुलिस वाहन द्वारा लापरवाही से वाहन चलाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तेज रफ्तार फ्लीट वाहन ने एक कार को रगड़ मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया, जबकि एक स्कूटी चालक बचने के प्रयास में सड़क किनारे गिर पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देहरादून से आई पुलिस फ्लीट का चालक शुक्रवार सुबह अकेले ही शहर की सड़कों पर निकला था। स्थानीय निवासी प्रवीन सिंह ने बताया कि वह सुबह करीब साढ़े नौ बजे बीपुरम की ओर ड्यूटी पर जा रहे थे। पेट्रोल पंप से थोड़ा नीचे सामने से आ रहे तेज रफ्तार फ्लीट वाहन से बचने के लिए उन्होंने अपनी कार सड़क के किनारे कर दी, इसके बावजूद वाहन ने उनकी कार को रगड़ मार दी, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई।
वहीं, एक अन्य स्थानीय निवासी राकेश प्रसाद उनियाल ने बताया कि वह बौराड़ी पेट्रोल पंप की ओर जा रहे थे। तेज गति से आ रहे फ्लीट वाहन से बचने के प्रयास में उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर गई। गनीमत रही कि उन्हें गंभीर चोट नहीं आई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने साईं चौक के पास संबंधित वाहन को रोक लिया और विरोध जताया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। लोगों ने आरोप लगाया कि वाहन चालक नशे की हालत में गाड़ी चला रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अधिकारियों की ओर से इस संबंध में आधिकारिक बयान का इंतजार है।
