उत्तराखंड - भैंस चोरी से आहत पशुपालक ने कोतवाली में खाया जहर, पुलिस प्रताड़ना का आरोप, हालत गंभीर

 | 
उत्तराखंड - भैंस चोरी से आहत पशुपालक ने कोतवाली में खाया जहर, पुलिस प्रताड़ना का आरोप, हालत गंभीर

उत्तराखंड - भैंस चोरी के मामले में कथित पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट एक पशुपालक ने मंगलवार को उधम सिंह नगर जिले के गदरपुर कोतवाली परिसर में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास कर लिया। घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बमनपुरी निवासी राजेंद्र सिंह की कुछ समय पूर्व तीन भैंसें चोरी हो गई थीं। पुलिस ने मामले में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन बरामद करने का दावा किया था, लेकिन पीड़ित का आरोप है कि उसे अब तक न्याय नहीं मिला।

 

राजेंद्र सिंह ने पूर्व में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए थे। उनका कहना था कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। साथ ही कुछ पुलिसकर्मियों पर दबाव बनाने, अभद्र व्यवहार करने और समझौते के लिए मजबूर करने के आरोप भी लगाए गए थे।  पीड़ित का आरोप है कि मामले में बरामद साक्ष्यों और आरोपियों को लेकर पुलिस की भूमिका संदिग्ध रही है। लंबे समय से न्याय की मांग कर रहे पशुपालक ने खुद को उपेक्षित महसूस किया और आक्रोश में आकर कोतवाली परिसर में जहर निगल लिया।

 

घटना के बाद स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। क्षेत्रवासियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

WhatsApp Group Join Now