उत्तराखंड - मंदिर में दो साधुओं की बेरहमी हत्या से मची सनसनी , जंगल में दफनाए शव, तीन संदिग्ध फरार

 | 
उत्तराखंड - मंदिर में दो साधुओं की बेरहमी हत्या से मची सनसनी , जंगल में दफनाए शव, तीन संदिग्ध फरार

Uttarakhand Crime - हरिद्वार के पथरी क्षेत्र स्थित पथरेश्वर महादेव मंदिर में दो साधुओं की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दोनों साधुओं के शव मंदिर के समीप जंगल में गड्ढा खोदकर दफनाए गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से मंदिर में ठहरे तीन संदिग्ध साधु फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार मंदिर के सेवादार ने साधु सेवा गिरी और उत्तम गिरी के लापता होने तथा अनहोनी की आशंका की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पथरी थाना प्रभारी रविंद्र सिंह पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान मंदिर के पास जंगल में संदिग्ध स्थान पर खुदाई कराई गई, जहां से दोनों साधुओं के शव बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शवों को गड्ढे में दफना दिया गया था। घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए हैं और हत्या के कारणों की जांच विभिन्न पहलुओं से की जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात शेखर चंद सुयाल भी मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार दो दिन पहले मंदिर में ठहरे तीन साधुओं पर संदेह है, जो घटना के बाद से फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।

एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही हत्या का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी का माहौल है।

WhatsApp Group Join Now