उत्तराखंड - जीजा पर धोखाधड़ी का गंभीर आरोप, सास की 4 करोड़ की जमीन 30 लाख में बेचने का मामला दर्ज
रुद्रपुर - कोतवाली क्षेत्र के भदईपुरा निवासी एक युवक ने अपने जीजा पर करोड़ों की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि जीजा ने उसकी बीमार मां के नाम दर्ज चार करोड़ रुपये मूल्य की जमीन को केवल 30 लाख रुपये में बेच दिया, साथ ही इससे पहले उसी जमीन पर 20 लाख रुपये का लोन भी लिया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्लाट लेकर साथ रहने लगे थे जीजा–बहन -
भदईपुरा वार्ड 14 निवासी संतोष कुमार ने बताया कि उसकी बहन का विवाह 23 वर्ष पहले बहेड़ी (बरेली) निवासी एक व्यक्ति से हुआ था। कुछ साल बाद बहन, जीजा और बच्चे रुद्रपुर आकर उनके साथ रहने लगे। भाइयों ने मिलकर जीजा–बहन के लिए साढ़े पांच लाख का प्लॉट भी खरीदकर दे दिया।
बीमार मां का फायदा उठाने का आरोप -
संतोष के अनुसार उसकी मां चमेली देवी के नाम रुद्रपुर में छह एकड़ जमीन है। मां शारीरिक और मानसिक रूप से बीमार हैं। आरोप है कि जीजा ने बीमारी का फायदा उठाया और दोनों बहनों के साथ मिलकर 2018 में मां को बैंक ले जाकर जमीन के कागजों पर 20 लाख रुपये का लोन करवा लिया, जिसकी किश्तें जमा नहीं की गईं। नोटिस आने पर मामले की जानकारी हुई, जिसके बाद संतोष और भाइयों ने बहेड़ी में दो एकड़ जमीन बेचकर 24 लाख रुपये बैंक में जमा किए।
चार करोड़ की जमीन 30 लाख में बेची -
संतोष ने बताया कि 5 अप्रैल 2025 को घर में कोई नहीं था। इसी दौरान जीजा और उसकी दोनों बहनें मां को विधवा पेंशन के कागज बनवाने के बहाने ले गईं और चार करोड़ मूल्य की जमीन को मात्र 30 लाख रुपये में फर्जी तरीके से बेच दिया। इसके बाद 8 अप्रैल को वे फिर मां को ले गए और दो बीघा जमीन अपने नाम ट्रांसफर करवा ली।
विरोध के बाद मिल रही धमकियां -
पीड़ित संतोष और उसके भाइयों ने जब इसका विरोध किया तो जीजा ने उन्हें धमकियां देनी शुरू कर दीं। संतोष ने पुलिस से कठोर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।
