उत्तराखंड - बॉलीवुड गायक जुबिन नौटियाल के पिता की कांग्रेस में वापसी, नई दिल्ली में ली पार्टी की सदस्यता
उत्तराखंड - प्रदेश की राजनीति में सोमवार को एक अहम घटनाक्रम सामने आया। प्रसिद्ध गायक जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण नौटियाल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छोड़कर एक बार फिर कांग्रेस का दामन थाम लिया। दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान उत्तराखंड कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य मौजूद रहे।
भाजपा में मान-सम्मान नहीं मिलने का लगाया था आरोप -
रामशरण नौटियाल ने भाजपा छोड़ने के बाद संगठन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि पार्टी के भीतर अनुशासन की कमी है और सार्वजनिक मंचों पर उनका अपमान किया गया। उनके मुताबिक, किसी भी समर्पित कार्यकर्ता के लिए मान-सम्मान सबसे महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा था कि वह राजनीति में ठेके-पट्टे या निजी लाभ के लिए नहीं, बल्कि अपने क्षेत्र की समस्याओं और विकास के मुद्दों को उठाने के लिए आए थे।
संगठन में अनुशासनहीनता को बताया कारण -
रामशरण नौटियाल ने कहा था कि वह भाजपा में कड़े अनुशासन की उम्मीद लेकर आए थे, लेकिन उन्हें पार्टी के भीतर परिस्थितियां इसके विपरीत नजर आईं। उन्होंने दावा किया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वानों का उन्होंने हमेशा समर्थन किया, इसके बावजूद संगठन के भीतर उनके साथ उचित व्यवहार नहीं हुआ। उन्होंने पार्टी के कुछ नेताओं पर अंदरूनी विरोध और बयानबाजी करने के आरोप भी लगाए थे।
चकराता से लड़ चुके हैं विधानसभा चुनाव -
रामशरण नौटियाल पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर चकराता सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। अब कांग्रेस में उनकी वापसी को उत्तराखंड की राजनीति में एक नए घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, कांग्रेस में शामिल होने के बाद उनकी आगामी राजनीतिक भूमिका को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।


