उत्तराखंड - भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन पहुंचे देहरादून, कार्यकर्ताओं में उत्साह, गर्मजोशी से हुआ स्वागत
देहरादून - भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन गुरुवार शाम देहरादून पहुंचे। उनके आगमन पर देहरादून एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
एयरपोर्ट से लेकर भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक जगह-जगह स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और नारों के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला, जिन्होंने पारंपरिक वेशभूषा में स्वागत गीत और भजन प्रस्तुत किए।
भाजपा मुख्यालय और अन्य स्थानों को पार्टी के झंडों और बैनरों से सजाया गया था। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहले से ही जुटने लगे थे। कार्यकर्ताओं ने संगठन के समर्थन में जमकर नारेबाजी की और पार्टी की एकजुटता एवं मजबूती का संदेश दिया।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे के दौरान कई संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लेंगे। गुरुवार शाम भाजपा कोर कमेटी की बैठक प्रस्तावित है, जबकि रात को मंत्रियों के साथ भी अहम बैठक आयोजित की जाएगी।
प्रदेश भाजपा के लिए यह दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों और राजनीतिक रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।
