उत्तराखंड - चुनावी मोड़ पर जुटी भाजपा, सभी 70 विधानसभा सीटों पर प्रभारी नियुक्त, जानिए आपकी विधानसभा से कौन बना
देहरादून - उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर प्रभारियों की नियुक्ति की है। इसके साथ ही विस्तारक योजना को आगे बढ़ाने के लिए प्रदेश संयोजक और सह-संयोजकों की जिम्मेदारी भी तय की गई है।



भाजपा की ओर से यह कदम आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने की रणनीति के तहत उठाया गया है। पार्टी का लक्ष्य लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी करना है। इसके लिए विधानसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने और पार्टी की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति भारद्वाज के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के निर्देश पर विधानसभा प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। उन्होंने बताया कि नियुक्त किए गए प्रभारी पार्टी के सक्रिय और संगठन के प्रति समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा प्रभारियों की जिम्मेदारी अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन के कामकाज को गति देना, बूथ स्तर तक पार्टी की गतिविधियों को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना होगा।
वहीं, विस्तारक योजना के तहत प्रदेश संयोजक और सह-संयोजकों की नियुक्ति से संगठनात्मक गतिविधियों को और व्यवस्थित करने की तैयारी है। भाजपा अब विधानसभा क्षेत्रों में संगठन की स्थिति मजबूत करने और चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। पार्टी की ओर से सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारियों की सूची जारी की गई है। ऐसे में संबंधित विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता और आम लोग सूची में अपने क्षेत्र के प्रभारी का नाम देख सकते हैं।


