उत्तराखंड - बैंक हड़ताल से पहले सरकारी कर्मचारियों को राहत, 26 सितंबर तक मिलेगा वेतन-पेंशन, यह निर्देश जारी
देहरादून - देशभर में प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के सितंबर माह के वेतन और पेंशन के भुगतान को लेकर अहम फैसला लिया है। सरकार ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सितंबर 2026 का वेतन और पेंशन 26 सितंबर, शनिवार तक खातों में जारी करना सुनिश्चित किया जाए। दरअसल, देशभर में 28 से 30 सितंबर तक बैंक हड़ताल प्रस्तावित है। हड़ताल के दौरान बैंकिंग सेवाएं और लेन-देन प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए राज्य सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनरों को पहले ही भुगतान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जिलाधिकारियों और कोषागार अधिकारियों को निर्देश-
उत्तराखंड के प्रमुख सचिव वित्त रमेश कुमार सुधांशु ने 25 सितंबर को इस संबंध में सभी जिलाधिकारियों के साथ-साथ कोषागार, पेंशन एवं हकदारी निदेशक को निर्देश जारी किए। आदेश में कहा गया है कि राज्य सरकार के सभी कार्मिकों और पेंशनरों को सितंबर 2026 के वेतन एवं पेंशन का भुगतान 26 सितंबर तक सुनिश्चित किया जाए। सरकार के इस कदम से प्रस्तावित बैंक हड़ताल के दौरान भुगतान संबंधी संभावित परेशानी से कर्मचारियों और पेंशनरों को राहत मिलने की उम्मीद है।
अक्टूबर के भुगतान में होगा समायोजन -
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सितंबर माह के वेतन या पेंशन का भुगतान करते समय पूरे महीने की देय राशि का निर्धारण किया जाए। यदि भुगतान के बाद किसी प्रकार के समायोजन की आवश्यकता सामने आती है, तो उसका समायोजन अक्टूबर 2026 के वेतन-पेंशन में किया जाएगा।
संबंधित विभागों को भुगतान के साथ आवश्यक लेखांकन प्रक्रिया भी नियमानुसार पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। इस तरह बैंक हड़ताल शुरू होने से पहले ही उत्तराखंड में सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के सितंबर माह के वेतन-पेंशन भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी है।


